धौरहरा के बरातघर में लगा पुआल का ढेर। संवाद
- फोटो : dhaurahara
धौरहरा। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए ससम्मान विवाह कराने की सरकार की मंशा पर नगर पंचायत की लापरवाही ने पानी फेर दिया है। यहां बना बरातघर कूड़ाघर में तब्दील हो गया है।
परिसर में जगह-जगह गोशाला का चारा फैला पड़ा है। यहां स्वचलित रेडीमेड शौचालय खड़े हैं, जो बरातघर की शोभा बिगाड़ रहे हैं। बरातघर के सामने की सड़क और परिसर की हालत भी बेहद खराब है। चारों ओर पत्थर उखड़े पड़े हैं। इससे अंदर प्रवेश करना भी मुश्किल हो गया है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है।
परिसर के चारों ओर कचरे के ढेर लगे हुए हैं। मौजूदा सभासद संतराम और पूर्व सभासद नंदकिशोर आदि का आरोप है कि नगर पंचायत इस बरातघर के उपयोग के लिए 5100 रुपये किराया वसूलता है। लोगों को सुविधा नाम मात्र की भी नहीं मिलती हैं।
कस्बे वासियों ने नगर पंचायत से शिकायत करते हुए मांग की है कि बरातघर की साफ-सफाई, मरम्मत और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि गरीब तबके को सरकार की योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।
वर्जन-
मुझे ज्ञात नहीं है कि गोशाला का पुवाल बरात घर में लगाया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों को निरंतर सफाई के निर्देश है। यदि गंदगी है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
गौरव सिंह, ईओ नगर पंचायत