तहसील में प्रदर्शन करते संपूर्णानगर के बसही के ग्रामीण। संवाद
पलियाकलां। संपूर्णानगर क्षेत्र के बसही काॅलोनीवासियों ने चकमार्ग कब्जाने के आरोप में तहसील में प्रदर्शन करके अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया है। आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर भी समाधान नहीं किया गया। अधिकारियों से चकमार्ग बहाल कराने की मांग की है।
बसही निवासी रविप्रताप, हरेंद्र कुमार, नंदलाल, जयकुमार, रीमा, लालमती समेत कई लोगों ने तहसील में प्रदर्शन किया। इसके बाद अधिकारी को शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया गया कि उनके घरों के पास चकमार्ग है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने पुलिस की मिलीभगत से चकमार्ग को जोतकर अपनी जमीन के क्षेत्रफल में मिला लिया है। इससे आवागमन में दिक्कत होती है।
उन्होंने बताया कि विपक्षी काफी हेकड़ और रुतबेदार हैं। चकमार्ग पर कब्जा करके ग्रामीणों का आवागमन बंद कर दिया है। एसडीएम कोर्ट में वाद योजित कर चकमार्ग को खुलवाने की मांग की लेकिन विपक्षियों ने कोर्ट की अवमानना की। ऐसे में चकमार्ग को कब्जा मुक्त कराने की मांग है। अधिकारियों ने मौका-मुआयना करके कार्रवाई का आश्वासन दिया है।