लखीमपुर खीरी। उप गन्ना आयुक्त परिक्षेत्र लखनऊ सत्येंद्र सिंह ने शनिवार को गुलरिया क्षेत्र में संचालित भीमराव अंबेडकर महिला स्वयं सहायता समूह का निरीक्षण किया गया। उन्होंने महिला सदस्यों द्वारा पौध उत्पादन एवं वितरण प्रक्रिया की जानकारी ली और उन्नतशील प्रजातियों के बीज महिला स्वयं सहायता समूहों को उपलब्ध कराने के निर्देश जिला गन्ना अधिकारी को दिए।
महिला सदस्यों द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार की डलिया उप गन्ना आयुक्त को दिखाई गई। इसके बाद उप गन्ना आयुक्त ने चीनी मिल गेट गुलरिया का निरीक्षण किया, जहां तौल कार्य सही पाया गया। किसानों को चीनी वितरण का निरीक्षण किया। कोविड हेल्प डेस्क स्थापित पाई गई। किसानों की जागरूकता के लिए प्रवेश द्वार पर पंडाल लगाकर रेड रॉट व अन्य बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई, जिसमें किसानों से उप गन्ना आयुक्त ने चर्चा की। किसानों को गर्म पानी व चाय नियमित तौर पर वितरित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उप गन्ना आयुक्त ने क्रय केंद्र बसेगापुर प्रथम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गन्ने से भरी ट्राली का पुन: वजन किया गया, वजन सही पाया गया। तौल लिपिक की तैनाती ईआरपी पर किए गए लॉटरी के अनुसार पाई गई। क्रय केंद्र पर अलाव व सैनिटाइजर की भी व्यवस्था पाई गई। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी ब्रजेश कुमार पटेल मौजूद रहे। संवाद