मैलानी/गोला गोकर्णनाथ। छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला गोकर्णनाथ में एक माह तक चलने वाले सावन मेला को देखते हुए पूर्णागिरि मेला स्पेशल की तर्ज पर सावन मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग उठी है। इसे लेकर रेलवे बोर्ड को ट्वीट भी किया गया है।
छोटी काशी के नाम से विख्यात प्रसिद्ध पौराणिक स्थल है। काशी नगरी वाराणसी के बाद यहां स्थित शिव मंदिर अगाध आस्था का केंद्र है। इसी से इसे छोटी काशी कहा जाता है। यहां भी छोटी काशी कॉरिडोर का काम चल रहा है। सावन में यहां एक माह तक मेला चलता है। इस बार 11 जुलाई से सावन का मेला शुरू हो रहा, जिसकी तैयारियों में प्रशासन जुटा है।
छोटी काशी में भगवान शिव के दर्शन के लिए प्रदेश ही नहीं, बल्कि दूसरे प्रदेशों के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। बावजूद इसके गोला गोकर्णनाथ के लिए ट्रेनों की संख्या सीमित है। दूरदराज की तो छोड़िए बरेली तक से सीधी ट्रेन नहीं है। लिहाजा श्रद्धालुओं को गोला पहुंचने में दिक्कतें पेश आती हैं।
श्रद्धालुओं को या तो अपने साधन से या फिर बसों के सहारे ही गोला पहुंचना पड़ता है। ऐसे में अधिक खर्च के साथ बसों से खतरा भी बना रहता है। इसे देखते हुए इस बार पूर्णागिरि की तरह सावन मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग उठी है। लोगों का कहना है कि सभी धार्मिक स्थलों से गोला के लिए ट्रेनें चलाई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को छोटी काशी पहुंचने में सहूलियत हो सके।
मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग को लेकर गोला निवासी रेल फैन अंकुर दीक्षित ने पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम गोरखपुर, डीआरएम लखनऊ और डीआरएम इज्जतनगर को ट्वीट भी किया है।
रेल मंत्रालय को छोटी काशी गोला के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था व श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए सावन मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन करना चाहिए, ताकि श्रद्धालु आसानी से सावन में भगवान शिव के दर्शन को गोला पहुंच सकें।
-श्रवण माहेश्वरी, व्यापारी गोला
-
छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला गोकर्णनाथ में सावन मेला में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए गोला गोकर्णनाथ के लिए सावन मेला स्पेशल ट्रेन चलाए जाने की आवश्यकता है, ताकि आवागमन में सुविधा हो।
-अरविंद पांडे, समाजसेवी गोला
सावन में यहां कई जिलों व प्रदेशों के श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन को आते हैं। उत्तराखंड के पूर्णागिरि मेला स्पेशल की तरह गोला के लिए भी सावन में सावन मेला विशेष ट्रेनें चलाई जाएं। इससे दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
-पंकज पुरवार, व्यापारी गोला
-
छोटी काशी गोला में रेलवे को मेला स्पेशल ट्रेनें चलानी चाहिए, ताकि बड़ी संख्या में गोला आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में आसानी हो सके। पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक गोरखपु, मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ और इज्जतनगर को एक्स पर ट्वीट किया है।
-अंकुर दीक्षित, रेलफैन, गोला
श्रवण माहेश्वरी
श्रवण माहेश्वरी
श्रवण माहेश्वरी