बांकेगंज। दुधवा नेशनल पार्क की गैंडा पुनर्वासन योजना को बड़ा झटका लगा है। यहां सात माह के एक नर गैंडे के शिशु की मौत हो गई है।
दुधवा नेशनल पार्क के दक्षिण सोनारीपुर रेंज में चल रही गैंडा पुनर्वासन योजना फेज वन में बृहस्पतिवार को गश्त के दौरान वन कर्मियों को सात माह के एक नर गैंडा शिशु का शव पड़ा दिखाई दिया। वन कर्मियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। आनन-फानन पार्क अधिकारी मौके पर पहुंचे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
दुधवा में गैंडा पुनर्वासन योजना को अप्रैल 2024 में 40 साल पूरे हो चुके हैं। इस बीच गैंडा परिवार तेजी से बढ़ा। वहीं कई शिशुओं की मौत से योजना को झटका भी लगा है। एक और शिशु की मौत से पार्क प्रशासन सदमे में है।
मौजूदा समय में गैंडा पुनर्वासन योजना फेज वन में 40 और फेज टू में छह गैंडे थे। इनमें से तीन गैंडे हाल ही में जंगल में स्वच्छंद विचरण के लिए आजाद भी किए गए हैं। एक गैंडे की बृहस्पतिवार को मौत हुई है। जिससे गैंडों की संख्या घटकर 45 रह गई है।
-
गैंडा पुनर्वासन योजना फेज वन में एक गैंडा शिशु की मौत हो गई है। जिसका पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। इस नर शिशु की आयु महज सात माह है।
- ललित कुमार वर्मा, एफडी, दुधवा टाइगर रिजर्व