लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर सेहरूआ में हुआ हादसा, दो अन्य मजदूर गंभीर रूप सेे घायल, दिल्ली से मजदूरी कर लौट रहे थे बिहार
ट्रक ड्राइवर को लोगों ने पकड़कर धुना, स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर नीमगांव थाना के गांव सेहरूआ में रविवार को दिन में तीन बजे मोहम्मदी की ओर से आए ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे डाला सही कर रहे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक महिला सहित तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप सेे घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान ग्राम मझौरा, थाना बोथरा, जिला मुजफ्फरपुर निवासी महिला नीमल ने भी दम तोड़ दिया। दो वाहनों के टकराने से हुई धमाके की आवाज सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने फौरन एंबुलेंस को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने जब शवों को कब्जे में लेने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे करीब डेढ़ घंटे तक रोड जाम रहने के साथ अफरा-तफरी रही। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई। सीओ मितौली मिथिलेश दीक्षित और तहसीलदार सुनील झा मौके पर पहुंचे और शीघ्र स्पीड ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया, तब ग्रामीणों ने जाम खोला।
बिहार के जिला मुजफ्फरपुर निवासी 11 मजदूर दिल्ली में काम करते थे, जहां से रविवार को सभी लोग डीसीएम से अपने घर मुजफ्फरपुर (बिहार) वापस जा रहे थे। दिन में करीब तीन बजे डीसीएम सेहरूआ गांव पहुंची, तो सड़क किनारे डीसीएम खड़ी कर डाला सही करने लगे। इसी दौरान मोहम्मदी की ओर से आए ट्रक ने पीछे से डीसीएम को टक्कर मार दी। इससे घटनास्थल पर ही 40 वर्षीय मनोज उर्फ वकील निवासी लोहसरी थाना बोचरा जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) और 35 वर्षीय कपिल निवासी गदइयां मुजफ्फरपुर की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शवों के चीथड़े बिखर गए। जबकि महिला नीलम, लक्ष्मन राम, इकबाल और उमेश समेत पांच लोग घायल हो गए। जिसमें नीलम की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सुनील पासवान और राकेश निवासी मुजफ्फरपुर ने बताया कि दिल्ली में मजदूरी करते थे, जहां से अपने घर जा रहे थे। डीसीएम को दिल्ली से किराए पर लिया था। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी। चौकी इंचार्ज सूर्यमणि यादव ने चालक को थाने भेजा।
सेहरूआ प्रधान के पति हसीबुल्ला और पूर्व प्रधान वसील खां के नेतृत्व में नाराज ग्रामीणों ने रोड पर बल्ली डालकर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। एसओ बृजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने की मांग करते हुए जाम नहीं खोला। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कई बार नोकझोंक भी हुई। हालात की उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। इधर एसओ फरधान तपेश्वर सागर, अजान चौकी इंचार्ज केके यादव और क्यूआरटी मौके पर पहुंच गई, लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया और न ही जाम खोला। ग्रामीण एसडीएम को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद तहसीलदार सुनील झा, सीओ मिथिलेश दीक्षित मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता करके शीघ्र ही स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने का आश्वासन दिया। जिस पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एहतियातन फोर्स को मौके पर रोका गया है। बाद में एसडीएम गोला विनोद गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने का आश्वासन दिया।
एसओ नीमगांव बृजेंद्र सिंह के अनुसार वादी उमेश निवासी मुजफ्फरपुर की तहरीर पर ट्रक एचआर 55जे 1883 के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है। ट्रक से पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।
मार्ग दुर्घटना में युवक की मौत
लखीमपुर खीरी में भीरा थाना क्षेत्र के अंतर्दत गांव मूड़ा सवारान में शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
भीरा थाना क्षेत्र के देवरिया अलीगंज निवासी 25 वर्षीय मुन्नालाल रैदास शनिवार को बसपा की रैली में शामिल होने गोला गया था, जहां से वह करीब पांच बजे घर लौटा। इसके बाद वह सब्जी लाने के लिए मूड़ा सवारान में लगने वाली बाजार जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में उसे रैली वाली बस मिल गई, तो उस पर सवार हो लिया। शाम करीब छह बजे मूड़ा सवारान गांव में वह धीमी रफ्तार बस से उतरने लगा, तो असंतुलित होकर बस के नीचे आ गया। बस का पहिया उसके ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृृतक की पिछले वर्ष शादी हुई थी, लेकिन बच्चे नहीं थे। मामले में पुलिस ने इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सड़क हादसे में परीक्षा देने जा रहे चार विद्यार्थी घायल
डिवाइडर से टकराई स्कार्पियो, मुरादाबाद से जा रहे थे लखनऊ
नेशनल हाइवे पर कस्बे में थाने के निकट रविवार की अलसुबह करीब तीन बजे एक स्कार्पियो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे परीक्षा देने लखनऊ जा रहे चार परीक्षार्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि तीन लोग चोटिल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी देदी गई। जबकि गंभीर घायलों को जिला अस्पताल सीतापुर में भर्ती कराया गया, जहां से चारों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मुरादाबाद जिले के थाना ठाकुरद्वारा के गांव पथियापुरा निवासी धर्मपाल की 16 वर्षीय पुत्री सुनीता, 24 वर्षीय मनोज कुमार, सरदार सिंह की 18 वर्षीय पुत्री प्रेमलता और रवि कुमार समेत आठ लोग स्कार्पियो कार से लखनऊ में होने वाली रेलवे भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे। मैगलगंज कस्बे में थाने के सामने अल सुबह करीब तीन बजे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे कार सवार परीक्षार्थियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल सीतापुर भेजा, जहां पर गंभीर घायल सुनीता, मनोज कुमार, प्रेमलता और रवि कुमार को भर्ती कर लिया गया। जबकि मामूली घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। कुछ घंटे तक चले इलाज के बाद चारों घायलों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।