लखीमपुर खीरी। मोहल्ला बेगमबाग में बने ओवरहेड टैंक के धंसने का खतरा मंडरा रहा है। टैंक के चार खंभों के पास की मिट्टी कट चुकी है। इससे करीब आठ से 10 फुट गहरा गड्ढा हो गया है। नीचे का कुछ फर्श भी टूट गया है। जानकारी के बाद भी जिम्मेदार टंकी के पास हुए गड्ढों में मिट्टी का पटान नहीं करा रहे।
बेगमबाग, शिवपुरी और शांतिनगर आदि मोहल्लों की पानी आपूर्ति बेगमबाग में बने ओवरहेड टैंक से होती है। मोहल्ले के बाहरी छोर पर ईंट-भट्ठे के करीब बने इस ओवरहेड पानी टैंक के परिसर की मिट्टी कट कर बह गई है। टंकी के एक हिस्से के पास करीब आठ से 10 फुट का गड्ढा बना है।
बताते हैं यह गड्ढा छह माह से अधिक समय से है। पालिका के जिम्मेदारों को भी इसकी जानकारी है, लेकिन सब बेपरवाह हैं। मिट्टी पटान न होने से कटान हो रहा है। मोहल्ले की पानी आपूर्ति भी प्रभावित है। पानी आपूर्ति में सुधार तो दूर पालिका टैंक परिसर में मिट्टी तक नहीं भरवा रही। मंगलवार की दोपहर ओवरहेड टैंक परिसर में मिले पंप ऑपरेटर आनंद सिंह ने बताया कि मिट्टी कट और धंस जाने की समस्या लंबे समय से है।बावजूद इसके अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे।
10 से 15 मिनट चलता है पंप, पानी के लिए तरस रहे हैं लोग
बेगमबाग ओवरहेड टैंक परिसर की पाइप लीक है। पंप चलाते ही पानी पूरी रफ्तार से परिसर में ही बहने लगता है। यह समस्या करीब पांच दिन से है। इस वजह से मोहल्ले के लोगों को 24 घंटे में मुश्किल से 10 से 15 मिनट ही पानी मिल पा रहा है। मोहल्ले के रहीश और हनीफ ने बताया कि इस समय पानी की बड़ी समस्या है। शाम के समय 15 मिनट तक ही पानी की आपूर्ति आती है। उसमें भी पानी पूरा नहीं आता। पंप ऑपरेटर ने बताया कि लीकेज की समस्या दूर की जा रही है।
मिट्टी कटने-धंसने की जानकारी है। अचानक टंकी ओवरफ्लो हो जाने से समस्या पैदा हुई है। समाधान के लिए मलबे से पटान कराया जा रहा है। दो ट्रॉली मलबा भेजा भी जा चुका है। एक-दो दिन में इस समस्या का समाधान हो जाएगा। - संजय कुमार, ईओ नगरपालिका, लखीमपुर
बेगमबाग ओवरहेड टंकी परिसरके गेट के पास पड़ा मलबा संवाद
बेगमबाग ओवरहेड टंकी परिसरके गेट के पास पड़ा मलबा संवाद
बेगमबाग ओवरहेड टंकी परिसरके गेट के पास पड़ा मलबा संवाद