लखीमपुर। ईसानगर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव के दो किसान साइकिल से खेत की रखवाली करने जा रहे थे। सोमवार की रात पेट्रोल पंप के सामने किसी वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल के पीछे बैठे किसान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिरसिंहपुर गांव निवासी कमलेश कुमार वर्मा (40) पुत्र उमेश कुमार अपने साथी विनोद कुमार (30) पुत्र शिवभगवान के साथ साइकिल से खेत की रखवाली करने जा रहे था। जैसे ही साइकिल सवार किसान शाह फिलिंग सेन्टर बिरसिंहपुर के पास पहुंचे, तभी पीछे से अज्ञात वाहन चालक ने साइकिल को चपेट में ले लिया। जिससे साइकिल के पीछे बैठे कमलेश कुमार की मौत हो गई, जबकि साइकिल चला रहा उसका साथी विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा है। मृतक कमलेश की पत्नी सीमा की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।