आत्महत्या के इरादे से पटरियों पर लेटा युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गया। इसकी सूचना मिलते ही युवक की पत्नी ने 108 एंबुलेंस से पति को इलाज के लिए बांकेगंज सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।
थाना फरधान क्षेत्र के मजरा रमछोरपुर निवासी 25 वर्षीय युवक प्रमोद कुमार मैलानी थाना क्षेत्र की बांकेगंज पुलिस चौकी अंतर्गत गांव बांकेपुर स्थित अपनी ससुराल आया था। बताया जाता है कि युवक शराब का आदी था। शनिवार दोपहर प्रमोद ससुराल में पत्नी से थोड़ी देर में आने की बात कह कर घर से निकलने के बाद आत्महत्या के इरादे से गांव के पड़ोस मैलानी-बांकेगंज के मध्य रेल पटरियों पर लेट गया। इस दौरान उधर से गुजर रही रुहेलखंड एक्सप्रेस की चपेट में आकर वह गंभीर घायल हो गया। लोगों ने इसकी सूचना ससुरालीजनों को दी। जहां रोती बिलखती पहुंची पत्नी ने 108 एंबुलेंस से पति को इलाज के लिए सीएचसी ले गई। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। इस दौरान युवक की फरधान के पास मौत हो गई। ससुरालीजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी है।