चौकी क्षेत्र के एक गांव में स्कूल जा रही छात्रा से एक युवक पर छेड़खानी का आरोप लगा है। साथ ही यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी ने घर में घुसकर छात्रा और उसकी मां को पीटा। तहरीर लेकर चौकी गए छात्रा के पिता और आरोपी के पिता को पुलिस ने चौकी में बैठा लिया। पुलिस के मुताबिक यह झगड़े का मामला है।
गांव निवासी एक व्यक्ति का आरोप है कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री कस्बे के एक स्कूल में पढ़ने जा रही थी। सुबह करीब 7.30 बजे रास्ते में एक युवक ने उस पर पहले तो अश्लील फब्तियां कसीं फिर उसकी पुत्री के विरोध जताने पर उसका हाथ पकड़कर खींचने लगा। शोर मचाने पर युवक भाग गया। छात्रा स्कूल न जाकर घर आई और घटना की जानकारी दी। आरोप है कि इसकी शिकायत करने पर आरोपी ने आग बबूला होते हुए घर में घुसकर छात्रा और उसकी मां को भी पीटा। घरवालों का कहना है कि तहरीर लेकर पीड़िता के पिता चौकी गए तो उनको भी वहीं बैठा लिया गया। इस बाबत चौकी इंचार्ज रिषीदेव ने बताया कि मामला झगड़े का है। इसलिए छात्रा के पिता के साथ आरोपी के पिता को चौकी में बैठाया था कि सुलह समझौता कर लें नहीं तो दोनो का चालान भेजे दिया जाएगा।