थाना गेट के सामने बुधवार को दो बाइकों की भिड़ंत हो गई, जिसमें एक बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं हादसे के दौरान मौका पाकर आरोपी चालक बाइक समेत फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव कुकरगोती निवासी हरिनाम की पत्नी 35 वर्षीय बाटू बुुधवार की सुबह अपने फूफा के साथ बाइक से सीतापुर जिले के थाना पिसावां के गांव बरगावां जा रहीं थीं। मैगलगंज में थाने के सामने पीछे से आए बाइक सवार ने आगे जा रही बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाटू गिर गई और बाइक उसके ऊपर से गुजर गई। इसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को प्राइवेट क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हैै।