जिले में वध के लिए पशुआें की हत्या और तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को सिकंद्राबाद क्षेत्र में एक पिकअप पलटने से पांच पशुओं की मौत हो गई। उधर, धौरहरा पुलिस ने वध के लिए ले जाए रहे 43 पशु बरामद किए।
सिकंद्राबाद/भूपतिपुर। थाना क्षेत्र नीमगांव में मंगलवार की रात करीब नौ बजे पशुओं से भरी एक पिकअप मितौली की ओर से आ रही थी। शिवाला मोड़ पर मौजूद नीमगांव के प्रभारी एसओ नंदलाल ने पिकअप रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन भगा दिया। पुलिस के पीछा करने पर चालक जमूरा गांव के पास वाहन से कूदकर फरार हो गया। इससे पिकअप एक पेड़ से टकराकर पलट गई। इससे पिकअप में लदे पांच पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप पर बरेली का नंबर अंकित है। पिकअप मालिक का पता लगाया जा रहा है।
उधर धौरहरा कस्बे के बाईपास पर साप्ताहिक पशु बाजार लगता है। पशु तस्कर भी इस बाजार में खरीदारी करते हैं। मंगलवार को पशु तस्करों ने 43 पशु खरीदे। जिन्हें पास के गन्ने के खेतों में बांध दिया। इस संबंध में सूचना मिलने पर कोतवाल नंद जी यादव ने पुलिस बल के साथ दबिश दी। पुलिस को आता देख पशु तस्कर फरार हो गए। पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर बांधे गए 43 पशु बरामद कर लिए। कोतवाल ने बताया कि पशुओं को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया गया है। पशु तस्करों की तलाश जारी है।
प्रभारी एसओ नंदलाल ने बताया कि अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ गोवध का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पशुओं का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार करा दिया गया है।