मितौली के ढखिया जाट का मामला, जांघ में लगी गोली
थाना क्षेत्र के ढखिया जाट गांव में खेत की मेड़ को जोतने के विवाद में एक युवक ने अपने चचेरे भाई को गोली मार दी, जो उसकी जांघ में लगी। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। घायल युवक को लेकर परिवार वाले थाने पर पहुंचे, जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित को मेडिकल के लिए भेजा है।
ढखिया जाट निवासी बिहारी लाल का पुत्र रामू अपराह्न करीब तीन बजे अपना खेत देखने गया था। उसके बगल का खेत चचेरे भाई श्रीकेशन ने बटाई पर ले रखा है, जो कानाखेड़ा निवासी टोर्री का है। रामू के मुताबिक श्रीकेशन ने दोनों खेत के बीच की मेड़ को जोत दिया था, जिस पर रामू ने विरोध किया। मेड़ के विवाद को लेकर दोनों के बीच कहा-सुनी हुई, बाद में श्रीकेशन ने रामू पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली रामू के जांघ में लगी, जिससे घायल होकर वह खेत में गिर गया। यह देख श्रीकेशन मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर खेत पर पहुंचे परिवार वाले उसे लेकर मितौली थाने पहुंचे। एसओ बृजेंद्र सिंह ने बताया कि घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।