थाना क्षेत्र में एक गन्ना क्रय केंद्र पर बदमाशों ने धावा बोलकर गन्ना लदी ट्रॉली लूट ली। इस दौरान बदमाशों ने वहां तैनात चौकीदार को पीटकर घायल कर दिया। सुबह किसानों ने केंद्र पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया और तौल बंद करा दी। वह चीनी मिल के अधिकारियों के मौके पर आकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करने लगे। मामले में पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया है।
हरगांव चीनी मिल से संबंधित क्रय केंद्र फरधान गांव के दक्षिण में स्थित है। शनिवार को गांव निवासी रामपाल वर्मा ट्रॉली में डबल पर्ची का गन्ना भरकर केंद्र पर तुलवाने गए थे, लेकिन ट्रक न होने से गन्ना नहीं तौला गया। लिहाजा ट्र्रॉली केंद्र पर ही छोड़कर वह ट्रैक्टर लेकर घर आ गए। लोनियनपुरवा निवासी चौकीदार चंद्र्रभाल ने बताया रात करीब ढाई बजे कुछ लोग आए और उसे पीटकर बेदम कर दिया। बाद में ट्रॉली लेकर फरार हो गए। होश में आने के बाद चौकीदार भागकर गांव पहुंचा और कुछ ग्रामीणों को घटना के बावत बताया, लेकिन वह लोग मारपीट का मामला समझ सो रहे। सुबह किसान जब केंद्र पर पहुंचे तब उन्हें ट्रॉली गायब होने का पता चला। इसके बाद किसानों ने सल्लिहा, जलालपुर आदि गन्ना क्रेशरों पर ट्रॉली की खोजबीन की, लेकिन पता न चला। बाद में किसानों ने हंगामा करते हुए तौल बंद करा दी और मिल अधिकारियों के मौके पर आकर लूट की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे मिल कर्मचारी संजीत पटेल ने किसानों को समझा बुझाकर शांत किया और थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी है। मामले में पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।