दुधवा नेशनल पार्क क्षेत्र की वन चौकी कीरतपुर बीट संख्या दो के जंगल में एक अज्ञात नेपाली युवक का शव बरामद हुआ है। सूचना पर पहुंची गौरीफंटा कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
भारत-नेपाल सीमा के नोमैंस लैंड के पिलर संख्या 171-172 के बीच जंगल के अंदर एक 18 वर्षीय नेपाली किशोर का शव पड़ा मिला। राहगीरों और वन विभाग कीरतपुर रेंज के वाचर ने इसकी सूचना गौरीफंटा कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज तुलसीराम चौरसिया मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों को शव दिखाकर पहचानने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नही हो सकी। चौकी इंचार्ज ने बताया कि शव एक या दो दिन पहले का लग रहा है। शव का कुछ हिस्सा जंगली जानवरों ने भी नोच दिया है। पुलिस ने नेपाल की त्रिभुवन बस्ती, पचकड़िया पुलिस और एसएसबी कीरतपुर सहित वन विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी।