थाना क्षेत्र में 20 दिन पूर्व अवैध खनन की दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़कर छोड़ने का मामला इंस्पेक्टर जितेंद्र उपाध्याय पर भारी पड़ गया। डीजीपी के आदेश पर लोक शिकायत विभाग के एक इंस्पेक्टर ने मैगलगंज इंस्पेक्टर के खिलाफ लगे आरोपों की जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद डीजीपी के निर्देश पर एसपी अरविंद सेन ने इंस्पेक्टर जितेंद्र उपाध्याय को सस्पेंड कर दिया है। वहीं एएसपी एपी सिंह को विभागीय जांच सौंपी गई है।
बता दें कि करीब 20 दिन पूर्व नयागांव झाला निवासी शमशेर सिंह की दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पिपरी गांव से पुलिस ने पकड़ा था, जिसमें मिट्टी भरी थी। आरोप है कि पुलिस ने लेनदेन करने के बाद दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छोड़ दिया था और इससे पूर्व शमशेर सिंह के पिता त्रिलोक सिंह की पिटाई कर दी थी। इस मामले में शमशेर सिंह ने डीजीपी कार्यालय में मैगलगंज इंस्पेक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच लोक शिकायत विभाग के एक इंस्पेक्टर ने की थी। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद डीजीपी के निर्देश पर एसपी अरविंद सेन ने सोमवार को मैगलगंज इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया है। समाचार फाइल किए जाने तक मैगलगंज थाना प्रभारी के पद पर किसी की तैनाती नहीं हो सकी थी।