फरार तीसरा आरोपी छह दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं
विवाहित बेटी और उसके प्रेमी की हत्या का मामला
थाना नीमगांव क्षेत्र में हुई आनर किलिंग की घटना में प्रयुक्त मारुती वैन को पुलिस ने बरामद कर सीज कर दिया है। हालांकि चालक पुलिस के हाथ नहीं लग सका। उधर इस मामले में फरार तीसरा आरोपी छह दिन बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।
बता दें कि थाना नीमगांव के गांव कोटवा निवासी शिवप्रसाद जायसवाल की बेटी जूली और गांव के ही गैर बिरादरी के संजय गौतम के बीच प्रेम संबंध थे। 18 मई को संजय गौतम जब विवाहित प्रेमिका जूली की गांव मड़रिया स्थित ससुराल पहुंचा तो जूली के ससुराल वालों ने उसे पकड़कर इसकी सूचना जूली के पिता को दी थी। सूचना पर अपने दो अन्य साथियों के साथ पहुंचे पिता शिवप्रसाद जायसवाल देर शाम जूली और उसके प्रेमी को मारुती वैन से लेकर गांव रोशनगर पहुंचे और दोनों को मारकर गांव के मिनी सचिवालय के पीछे लटका दिया था। सीओ निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने गांव कोटवा और रोशननगर के बीच से घटना में प्रयुक्त मारुती वैन को बरामद कर सीज कर दिया है। मारुती वैन के चालक और मालिक का पता लगाया जा रहा है। उधर पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी इसरार को छह दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है।