ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
पलिया-निघासन रोड पर तिकोना फार्म के पास एक जायलो एक वाहन को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर रोड किनारे गहरी खाई में पलट गई। इसमें चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए चौकी पुलिस ने एंबुलेंस से पलिया सीएचसी पहुंचाया।
सोमवार को संपूर्णानगर के बसही गांव निवासी गुड्डू खान की जायलो कार से चालक सुरेंद्र प्रजापति मुरारखेड़ा से रिश्तेदारों को छोड़ने तिकुनियां गया था। यहां से देर शाम वापस घर जा रहा था। इस दौरान कस्बे के तिकोना फार्म के पास एक वाहन को ओवरटेक करते समय गाड़ी अनियंत्रित होकर रोड किनारे गहरी खाई में पलट गई। इसमें चालक के साथ ही मुरारखेड़ा निवासी 20 वर्षीय अंकित साहनी और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज अजय शर्मा और सिपाही सलमान खान ने लोगों के सहयोग से बड़ी मुश्किल से सभी को बाहर निकालकर एंबुलेंस से पलिया सीएचसी पहुंचाया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि चालक शराब पिए हुए था, गाड़ी की गति काफी तेज थी जिससे दुर्घटना हुई है।