जहरीला पदार्थ के कारण अस्पताल में भर्ती कराई गई विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। विवाहिता की मौत के बाद अस्पताल पहुंचे मायके वालों ने खूब हंगामा किया। मायके वालों ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जबरन जहर पिलाने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है।
सोमवार रात करीब ढाई बजे रजवापुर गांव के राजेश कुमार की पत्नी आरती को जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार की देर रात को आरती की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरती का मायका फरधान थाना क्षेत्र के मनवापुर गांव में हैं। मायके पक्ष के लोगों ने रजवापुर गांव में आते ही हंगामा करना शुरू कर दिया। आरती के पिता छोटेलाल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी के दो साल हुए हैं। इन दो सालों में आरती को उसके पति और ससुराल के लोग कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित कर रहे थे। सोमवार को उनकी बेटी को इन लोगों ने ही जहर दे दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिता की तहरीर पर विवाहिता के पति समेत छह लोगों पर दहेज हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हत्या के कारणों की जांच के लिए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।