इलाहाबाद बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र में भी कर रहे थे सप्लाई
थाना क्षेत्र के गांव अवधपुर में बिजली विभाग के जेई अमित भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर दो लोगों को बिजली की चोरी करते पकड़ा है। चोरी की बिजली का उपयोग इलाहाबाद बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र में भी किया जा रहा था। जेई ने दोनों आरोपियों पर शमन शुल्क डाला, जिसे जमा न करने पर मितौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जेई की अगुवाई में टीम जब अवधपुर गांव पहुंवी, तो श्रवण प्रजापति ने अपने मकान के ऊपर से निकली एलटी लाइन में घरेलू केबिल से कटिया डाल रखी थी। आरोपी इस कटिया के जरिए घर के अलावा दूसरे मकान में संचालित इलाहाबाद बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र को गुलजार कर रहा था। प्रयोग हो रहे उपकरणों के आधार पर दो किलोवाट की चोरी पाई गई है। इसी गांव में रंजीत सिंह के घर में चोरी से कटिया डालकर बिजली चोरी पाई गई। टीम ने मौके पर वीडियो क्लिप भी बनाई। दोनों आरोपियों पर शमन शुल्क डाला गया, लेकिन जमा न करने पर जेई अमित भारद्वाज ने दोनों आरोपियों श्रवण प्रजापति और रंजीत सिंह के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा में एफआईआर कराई है।