मोबाइल तोड़े, बैटरियां निकालकर फेंकी
थाना नीमगांव के पिपरी नरायनपुर गांव के दो घरों पर सोमवार की रात आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने धावा बोल दिया। गांव निवासी रामनरेश और उनके भाई लक्ष्मीनरायन के घर घुसे बदमाशों ने परिवार वालों को गन प्वाइंट पर लेकर बांध दिया और करीब एक घंटे तक जमकर लूटपाट की। दोनों जगहों से बदमाश नकदी-जेवर समेत करीब एक लाख का सामान लूट ले गए।
गांव पिपरीनरायनपुर निवासी रामनरेश ने बताया कि सोमवार की रात वह घर के बाहर पुत्र नीरज के साथ सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे आधा दर्जन से अधिक बदमाश उनके घर पर पहुंचे और पिता-पुत्र को असलहों के बल पर कब्जे में लेने के बाद बांध दिया। शोर मचाने पर जान से मार देने की धमकी दी। बदमाशों ने नीरज से पंकज के घर से पानी मंगाने को कहा। जिस पर नीरज की आवाज पर उठे पंकज ने पानी देने के लिए जैसे ही दरवाजा खोला, बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया और घर के बाहर रोक लिया। दो बदमाश असलहा लेकर घर के बाहर लोगों की निगरानी में खड़े रहे, जबकि अन्य बदमाश घर के अंदर घुस गए। बदमाशों ने घर में सो रही महिलाओं को एक कमरे में बंद कर दिया और घर में जमकर लूटपाट शुरू कर दी। पड़ोस में रह रहे लक्ष्मीनरायन को जब आहट लगी तो वह पशु चोरों समझकर घर के बाहर निकले और पशुओं को देखने के लिए बढ़े। इसी बीच निगरानी कर रहे बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा टेक दिया और उन्हें कब्जे में ले लिया। बाद में बदमाशों ने उनके घर में भी घुसकर लूटपाट की। रामनरेश ने बताया कि बदमाश उनके घर से 25 हजार रुपये, जेवरात, कपड़ा समेत करीब 60 हजार और लक्ष्मीनरायन के घर से साढ़े सात हजार रुपये, झुमकी, पायल आदि जेवर लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
एसओ जावेद अख्तर का कहना है कि सरकारी कार्य से बाहर गया हुआ था। मंगलवार की सुबह ही आया हूं। घटना संज्ञान में आई है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित ने जो तहरीर दी है उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
चार मोबाइल तोड़े, बैटरी, सिम फेंके
बदमाशों ने जिस अंदाज में घटना को अंजाम दिया। उससे लगता है कि वे पेशेवर हैं। सभी बदमाशों के पास तमंचे और कुछ के हाथों में डंडे और धारदार हथियार थे। रामनरेश के पुत्र पंकज ने बताया कि घर में घुसते ही बदमाशों ने दोनों घरों के दो-दो मोबाइल कब्जे में लेकर तोड़ दिया और बैटरी और सिम निकालकर फेंक दिया।
एक ही रात मेें हुई लूटपाट से दहशत
गांव पिपरिया नरायनपुर में दो भाइयों के घर एक ही रात हुई लूटपाट से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस गांव में गश्त नहीं करती है। जिससे अपराधी बेखौफ हैं और लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस घटनाओं को छुपाने के लिए रिपोर्ट भी दर्ज नहीं करती है।