- घर में ताला डालकर ससुराल वाले फरार
- सूचना पर पहुंचे मायके वाले, कराया भर्ती
- लखनऊ ले जाते समय रास्ते में हुई मौत
सदर कोतवाली के दुर्बल आश्रम के निकट एक परिवार ने अपनी बहू को जलाकर घर के बाहर फेंक दिया। मोहल्ले वालों ने संदिग्ध हालात में झुलसी युवक की पत्नी को देखा तो मायके वालों को खबर दी। सूचना पर दौड़े मायके वालों ने बेटी को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे गंभीर हालत के चलते लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में विवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता के चाचा ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने दहेज की खातिर उनकी भतीजी को जला दिया। पांच दिन पहले ही विवाहिता सुलह समझौते के बाद ससुराल में रहने गई थी।
सदर कोतवाली के गांव सलेमपुर कोन निवासी शिव गोपाल वर्मा ने बताया कि उनकी भतीजी प्रीती वर्मा का विवाह 26 अप्रैल 2016 को शहर के दुर्बल आश्रम के निकट रहने वाले दिलीप के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उनकी भतीजी को मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। जिसकी प्रीती ने शिकायत मायके वालों से की। कई बार रिश्तेदारों के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और उन्हें समझाया बुझाया गया, लेकिन वह लोग नहीं माने। तीन दिन रुकने के बाद पांच दिन पहले ही पुत्री मायके से ससुराल गई थी। आरोप है कि मंगलवार की सुबह भतीजी पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी और उसे गंभीर हालत में घर के बाहर फेंक दिया और भाग निकले। आसपास के लोगों ने उन्हें मामले की सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग प्रीती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में प्रीती की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सदर कोतवाल एसपी उपाध्याय ने बताया कि पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।