कोतवाली गोला और थाना मितौली क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसों में महिला और बच्चे की मौत हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के गांव रमुआपुर निवासी राहुल सिंह अपनी पत्नी रोली (22) को बाइक से लेकर ससुराल बिलसंडा क्षेत्र के गांव भदेंग जा रहा था। रास्ते में थाना हैदराबाद क्षेत्र के निपनियां और केशवापुर के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक पर पीछे बैठी रोली की वाहन से कुचलकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में पति राहुल को भी चोटें आई हैं। इस दौरान चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर गोला कोतवाल एके उपाध्याय और हैदराबाद एसओ जितेंद्र सिंह यादव पहुंच गए। पुलिस ने राहुल को सीएचसी में भर्ती कराया और रोली के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताते हैं कि राहुल और रोली की कुछ माह पूर्व ही शादी हुई थी। दोनों की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भूपतिपुर। नीमगांव थाना क्षेत्र के गुलौला गांव में एक 10 वर्षीय बालक ट्रॉली से उछलकर नीचे गिर गया, जिससे पहिए के नीचे दबकर उसकी मौत हो गई।
रविवार को गुलौला गांव निवासी वीरेंद्र अपने छोटे बेटे गोलू के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत पर गन्ना भरने जा रहा था। बताते हैं कि गोलू ट्रॉली पर बैठा था। खेत में मेड़ पर ट्रॉली में झटका लगा, जिससे गोलू ट्रॉली से निचे गिर गया और उसका सिर पहिए के नीचे आ गया और उसकी कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों के मुताबिक वीरेंद्र की दो लड़कियां और दो लड़के हैं। जिसमें गोलू सबसे छोटा लड़का था।