बाइक छोड़कर भाग निकले नेपाली तस्कर, सीजर बनाकर पुलिस के हवाले
एसएसबी 49वीं वाहिनी ने भारत नेपाल सीमा के पास संपूर्णानगर थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में चरस बरामद की है। जिसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपए बताई गई है। यह नेपाल से लाई जा रही थी। एसएसबी को देख नेपाली तस्कर चरस और एक बाइक छोड़कर भाग निकले। एसएसबी ने चरस और बाइक सीजर बनाकर संपूर्णानगर पुलिस के हवाले कर दी है। जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
49वीं वाहिनी एसएसबी बसही बाहरी पोस्ट ने बड़ा माजरा में रात गश्त से वापसी के समय सुबह 4 बजे भारत नेपाल सीमा के पिलर संख्या 203 के पास एक बाइक आते देखी तो उसे रुकने का संकेत दिया। इस पर बाइक चला रहे नेपाली भाग निकले और बाइक छोड़ गए। बाइक में लगे झोले में 14.500 किग्रा चरस मिली जिसको एसएसबी ने जब्त कर लिया है और बरामद चरस को संपूर्णानगर पुलिस को सौंप दिया है। एसएसबी कंपनी इंचार्ज सुरेश कुमार पट्टीदार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बरामद चरस की कीमत करीब 2 करोड़ 18 लाख 20 हजार है। भारी मात्रा में चरस की बरामदगी ने एक बार फिर संकेत दे दिए हैं कि पड़ोसी देश से काले सोने का कारोबार जारी है।
इससे पहले भी हत्थे चढ़ी है चरस
चरस की बरामदगी कोई पहली बार नहीं हुई है। गौरीफंटा सीमा पर कई बार नेपालियों को चरस के साथ पकड़ा गया है। इसके अलावा पलिया शहर में पुलिस ने कार में छिपा कर रखी गई काफी मात्रा में चरस बरामद की थी।
सौ ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
धनगढ़ी-नेपाल। कैलाली जिले के अतरिया बाजार में नेपाल की क्षेत्रीय अनुसंधान पुलिस टीम ने एक युवक को सौ ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा है।
कैलाली पुलिस के अनुसार क्षेत्रीय पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर धनगढ़ी से 12 किलोमीटर दूर अतरिया बाजार में एक युवक लाल बहादुर साउंद उर्फ लक्की निवासी वार्ड नंबर 5 गौरीगंगा नगरपालिका से तलाशी के दौरान सौ ग्राम ब्राऊन शुगर बरामद की है। पकड़े गए युवक को इलाका पुलिस कार्यालय मालाखेती ले जाया गया। जहां उससे पूछताछ जारी है। मालूम हो कि इन दिनों भारतीय सीमावर्तीय बाजारों से ब्राऊन शुगर, स्मैक, नशीली दवाइयां नेपाली युवक लाकर सेवन कर रहे हैं। जिससे नवयुवक पीढ़ी बर्बाद हो रही है। आए दिन मादक पदार्थ, नशीली दवाइयां, ब्राउन शुगर पकड़ी जा रही है।