हैदरनगर गांव में शौचालय के टैंक में मिला था शव
थाना क्षेत्र के गांव खुटेहना निवासी डालचंद्र की मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को धर दबोचा। जबकि अभी एक और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी शेष है। पुलिस ने दोनों का चालान भेज दिया है।
खुटेहना निवासी 45 वर्षीय डालचंद्र का शव कई दिन बाद हैदरनगर गांव में शौचालय के टैंक में मिला था। मृतक की पत्नी आशा देवी ने पुलिस को तहरीर में बताया था कि उसका पति डालचंद्र दो सितंबर की सुबह करीब छह बजे महोली सीतापुर के गांव टीकरखुर्द निवासी अपने दामाद गौतम और दामाद के ममेरे भाई सुनील के साथ कहीं गया था। जिसके बाद से वह घर नहीं लौटा। इस मामले में आशा देवी ने छह सितंबर को मितौली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद सात सितंबर को मितौली थाना क्षेत्र के गांव हैदरनगर निवासी सुनील के शौचालय के टैंक में डालचंद्र का शव मिला था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दामाद गौतम, उसके ममेरे भाई सुनील और गांव पियरा निवासी सुनील के दोस्त छंगा के खिलाफ हत्याकर शव छिपाने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। एसओ रामकुमार यादव ने बताया कि इस मामले में मृतक के दामाद गौतम और उसके ममेरे भाई सुनील को गिरफ्तार कर चालान भेजा गया है। मुखबिर की सूचना पर रतहरी नहर पुलिया से गिरफ्तारी की गई है।