पीड़िता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
शाहजहांपुर से वापस लौट रही एक दलित महिला को रंजिश चार लोगों ने दबोच लिया और उसे पड़ोस के एक ईंट भट्ठे के पीछे ले जाकर दुराचार की कोशिश की। पसगवां कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने बताया कि उसके गांव की एक किशोरी को एक युवक बहला फुसलाकर भगा ले गया था, जिसे शाहजहांपुर जिले की कोतवाली रोजा पुलिस ने पकड़ लिया। किशोरी के बरामद होने की जानकारी मिलने पर वह लड़की से मिलने कोतवाली रोजा गई, जहां भगाकर ले जाने वाले आरोपी और उसके साथियों ने उसे थाना से भागना चाहा। इसको लेकर उसका विवाद हो गया। शुक्रवार की शाम को शाहजहांपुर से अपने घर आ रही थी। रास्ते में मोसिल ने अपने साथियों की मदद से उसे पकड़ लिया। एक ईंट भट्ठे के पीछे ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की और जान से मार देने की धमकी देकर भाग निकले। उसने घटना की सूचना यूपी 100 को दी। पसगवां पुलिस ने महिला की तहरीर पर मोसिल, आदाब सहित चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विवेचना सीओ मोहम्मदी को सौंपी गई है ।