गोवंशीय पशुओं ने भरा ट्रक पकड़ा, 19 पशु बरामद
चालक, क्लीनर फरार, बरामद पशु ग्रामीणों को सौंपे
थाना क्षेत्र की सिसैया पिकेट पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर गोवंशीय पशुओं से भरा एक ट्रक पकड़ा है। इस ट्रक से 19 गोवंशीय पशु बरामद किए गए हैं। ड्राइवर और क्लीनर ट्रक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर बरामद पशुओं को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया।
ईसानगर थाना क्षेत्र में पीलीभीत-बस्ती रोड स्थित सिसैया पिकेट पर एसआई गोवर्धन सिंह, आरक्षी जयकरन यादव, जय प्रकाश शर्मा सोमवार की रात वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने बहराइच की ओर से गोवंशीय पशुओं से भरे ट्रक के आने की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस टीम ने ट्रक को रोका और पूछ-ताछ की। ड्राइवर और क्लीनर ने बताया की ट्रक में बिक्री के लिए केला लदा है। ट्रक की बॉडी पर केले के पत्ते और ट्रक के आगे करीब एक दर्जन केले लटके थे। ट्रक से आ रही गोबर की दुर्गंध और गंदगी के निकलने से पुलिस को का शक और मजबूत हो गया।
ट्रक की तलाशी के लिए जब तिरपाल खोला गया तो ट्रक में 19 गोवंशीय पशुओं में 14 बैल, चार गाय, एक बछिया ठूंस ठूंस कर भरे थे। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर ड्राइवर, क्लीनर और अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर बरामद गोवंशीय पशुओं को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया है। साथ ही अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।