मैलानी थाना क्षेत्र के कस्बा कुकरा में बुधवार की शाम ट्रैक्टर से खींचकर एक युवक की पिटाई कर दी गई। बचाने गए दूसरे ग्रामीण को भी लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। कस्बे में फायरिंग और आग लगाने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रात से ही कस्बे में डेरा डाले हैं। पुलिस और पीएसी ने सड़कों पर मार्च किया। प्रमुख स्थानों पर पुलिस लगा दी गई है। कस्बे की स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।
मैलानी थाना क्षेत्र के हिंदुस्तान फार्म निवासी बलवीर सिंह बुधवार की शाम ट्रैक्टर से अपना मोटर बनवाने कस्बा आए थे। बताया जाता है कि एक समुदाय के लोगों ने पुलिस में शिकायत की शक पर उसे ट्रैक्टर से खींच लिया और लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इसी बीच पड़ोसी फार्म के रेशम सिंह निकल पड़े जिन्होंने सिख को पिटता देेख बचाने का प्रयास किया। दबंगों ने उनकी भी पिटाई कर दी।
परिवार वालों ने घायलों की सूचना पर दोनों को गोला सीएचसी भर्ती कराया, जहां बलवीर सिंह के अंदरूनी चोट अधिक और रेशम सिंह के पैर में फ्रैक्चर होने की शक में सीएचसी प्रभारी विमल सिंह ने दोनों को लखीमपुर रेफर कर दिया है। जहां हालत अब खतरे के बाहर बताई जाती है। परिवार वालों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पुलिस द्वारा पकड़े गए प्रतिबंधित पशुुओं के बारे में इन लोगों को शक था कि पुलिस में बलवीर सिंह ने शिकायत की है। इस कारण रंजिशन हमला कर घायल कर दिया है।
उधर कस्बे के राजू शाह और बाबून शाह ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष ने कस्बे में आकर रात में ही फायरिंग की और उनके घर को आग लगा दी।
रात में ही पहुंची कई थानों की पुलिस
कस्बे में मारपीट, फायरिंग और आगजनी की सूचना पर जिले के गोला, पलिया, कफारा चौकी, भीरा, हैदराबाद, सिंगाही, फरधान, मैलानी थानों की पुलिस रात में ही पहुंच गई। सीओ अवनीश्वरचंद्र श्रीवास्तव की सूचना पर एक ट्रक पीएसी कस्बे में भेज दी गई है, जिसने रात से ही स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास किया है। बृहस्पतिवार को कस्बे के मेन चौराहा, चमन चौराहा, गुलशन चौराहा, इलाहाबाद बैंक के निकट तमाम फोर्स लगा दिया गया है।
छह के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट
मैलानी थाना की कुकरा पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक ने बताया कि मारपीट में इरफान सहित छह लोगों के नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई है, जिसमें प्रधान जाबिर अली, पूर्व प्रधान इकरामुद्दीन खां, जकीरुद्दीन खां आदि के प्रयास से राजू शाह और लियाकत शाह को पुलिस अभिरक्षा में दे दिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है।
कर्फ्यू जैसा माहौल
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की चौकसी बढ़ने से दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद कर दी। प्रमुख सड़कों पर पुलिस गश्त के कारण सन्नाटा छाया है, जिससे कर्फ्यू जैसा माहौल है। हालांकि साप्ताहिक बाजार में बाहर के 25 प्रतिशत दुकानदारों ने अपनी दुकानें लगाई हैं।
पीड़ितों से मिले भाजपा जिलाध्यक्ष
कस्बे में हुई घटना की जानकारी पाकर भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद मिश्र अपने कई कार्यकर्ताओं साथ हिंदुस्तान फार्म पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को साहस बंधाते हुए कहा कि दो दिन में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।