पांच लोग घायल, किसी भी चालक ने नहीं पहना था हेेलमेट
अलग-अलग सड़क हादसों में यहां तीन लोगों की मौत गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटनाओं के दौरान चालक हेलमेट नहीं पहने थे।
थाना क्षेत्र गोला के ग्राम कुशमौरी निवासी लक्ष्मण का 38 वर्षीय पुत्र राधेश्याम ग्राम त्रिकोलिया निवासी घुरई और गांव के ही मदन के साथ नगला फार्म के पास बाइक से रपटापुल बनाने गए थे। शुक्रवार शाम को लगभग 5.00 बजे लौट रहे थे तभी एक कार की चपेट में गए थे। इसमें घुरई की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि राधेश्याम और मदन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसमें शनिवार रात 1.00 बजे राधेश्याम की जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मैगलगंज। गांव रामपुर रामदास निवासी महेंद्र पाल का पुत्र 20 वर्षीय नेकपाल औरंगाबाद चौकी क्षेत्र के गांव अमरौलिया निवासी बहन-बहनोई के यहां आया था। शनिवार को नेकपाल अपने घर लौट रहा था, जिसके लिए लखीमपुर मार्ग पर बस का इंतजार कर रहा था। तभी लखीमपुर की ओर से आई वैन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने वैन सहित चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पकड़े गए चालक की पहचान हरदोई के थाना पिहानी के गांव डेल पंडरवा निवासी सुशील कुमार के तौर पर हुई है।
संसारपुर। 29 अप्रैल की शाम को गांव असौवा निवासी दाताराम (65) अपने छह वर्षीय पोते जितेंद्र की दवाई लेकर संसारपुर से साइकिल से वापस घर जा रहे थे। जब वह संसारपुर बांकेगंज रोड पर पहुंचे तो पीछे से आ रहे टीवीएस बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गिरकर गंभीर घायल हो गए और पोता उछलकर दूर जा गिरा किंतु उसके हल्की चोटें आयी हैं। सड़क पर गंभीर घायल पड़े दाताराम को देखकर राहगीरों ने उन्हें सीएचसी भेजवाया और घर वालों को सूचना दी। गोला सीएचसी में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दाताराम वर्मा अपने पीछे पांच बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। जिनमें दो बेटे और बेटी अविवाहित हैं, जबकि उनकी पत्नी की वर्षों पूर्व मौत हो चुकी है। पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
रजागंज। गोला कोतवाली क्षेत्र के गांव वजीरनगर निवासी विनय कुमार (30) लखीमपुर से अपना काम निपटाकर वापस हो रहा था। गोला लखीमपुर मार्ग के मध्य हर्रैया मोड़ पर शुक्रवार की रात बाइक में पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर से वह सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर गांव निवासी पूर्व प्रधान बाबूराम, सुनील, मानसिंह ने घटना स्थल पर पहुंच 108 एंबुलेंस को फोन कर घायल को सीएचसी भेजवाया और परिवार के लोगों को सूचना दे दी।
गोला गोकर्णनाथ। घरथनियां गांव निवासी बाइक चालक दिनेश (35) अपने साथी मोबीन (36) के साथ बाइक से गोला आ रहे थे। जैसे ही वह सरायन नदी के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई, जिसमें दोनों गिरकर गंभीर घायल हो गए। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने बाइक चालक दिनेश को प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर गंभीरावस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया है, जबकि मोबीन का सीएचसी में इलाज चल रहा है।