भीरा-पलिया हाइवे पर हुई वारदात, दहशत
देर से पहुंची पुलिस को चकमा देकर भागे बदमाश
थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के पूजा गांव में हुई लूटपाट की घटना को 24 घंटे भी नहीं बीत पाए थे कि बदमाशों ने इसी थाना क्षेत्र के दो गांवों के तीन घरों को अपना निशाना बना लिया। बदमाशों ने घर वालों की बंधक बनाकर पिटाई की और नगदी-समेत करीब तीन लाख का सामान लूट गए। बदमाश पुलिस के आने पर चौथे घर में घटना को अंजाम नहीं दे सके और चकमा देकर भाग निकले। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
भीरा-पलिया हाईवे पर स्थित दाउदपुर गांव निवासी हरिश्चंद्र सोनी की हाइवे पर घर है और उसी में उनकी कॉस्मेटिक की दुकान है। रविवार की रात वह परिवार के साथ घर के अंदर सो रहे थे। आधी रात के बाद आठ से दस बदमाश घर में घुस आए और सभी को गन प्वाइंट पर ले लिया और कपड़ों से सभी के हाथ पैर बांध दिए। इसके बाद चार बदमाश घर और उसी में स्थित कॉस्मेटिक की दुकान में घुस गए। बदमाशों ने संदूक में रखे 15 हजार रुपये, दो तोला जेवर समेत दुकान से हजारों रुपये का सामान बटोर लिया। इसके बाद रात करीब एक बजे बदमाश मुड़ियाखुर्द गांव के रामचंद्र के घर पहुंचे। रामचंद्र घर पर नही थे। यहां उनकी बुजुर्ग मां शांति देवी और पोती संगीता बाहर लेटी थी। दो बदमाशों ने दादी-पोती के कनपटी पर असलहा लगा दिया और परिवार के सभी लोगों को बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर खंगाल लिया। सामान ले जाते देख जब रामचंद्र की पुत्री संगीता ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी। रामचंद्र के पुत्र कमलेश और संजय के मुताबिक बदमाश 20 हजार रुपये की नगदी, जेवर समेत दो लाख का सामान लूट ले गए। इसके बाद बदमाशों ने इसी गांव के छोटे लाल के घर को निशाना बनाया। साड़ी से परिवार वालों को बांध दिया। फिर लूट पाट करने लगे। विरोध पर बदमाशों ने घर वालो की पिटाई भी की। बदमाश यहां से 16 हजार की नगदी और दो तोला जेवर लूट ले गए। इसी दौरान कुछ बदमाश पड़ोसी बसंत लाल के घर भी घुस गए। इस बीच आहट मिलने पर किसी ने पुलिस को बदमाशों के होने की जानकारी दी। सूचना पर सुंदरवल चौकी प्रभारी अवधेश यादव पुलिस टीम के साथ हूटर बजाते गांव पहुंचे। इससे पहले हूटर की आवाज पर बदमाशों घर के पीछे की टटिया उखाड़ कर भाग निकले। हालांकि पुलिस ने ग्रामीणों संग कांबिंग की पर, एक भी बदमाश हत्थे नहीं चढ़ा। पीड़ितों ने घटना की पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।