आदिवासी थारू जनजाति क्षेत्र के गांव गोबरौला निवासी चार मजदूरों की पिथौरागढ़ के पास सतगढ़ में टैक्सी खाई में गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया और आनन फानन में वहां के लिए रवाना हो गए हैं। मरने वालों में तीन सगे भाई हैं।
थारू क्षेत्र के गाव गोबरौला निवासी 35 वर्षीय नंदलाल, 45 वर्षीय हरी, 42 वर्षीय किरपाली, पुत्रगण पच्ची तथा ग्राम भूड़ा कोतवाली गौरीफंटा निवासी लिप्टन मजदूरी करने के लिए धारचूला पिथौरागढ़ उत्तराखंड गए थे वहां से रविवार को घर के लिए निकले थे। बताया गया है कि धारचूला से पिथौरागढ़ के लिए वह टैक्सी से निकलते थे बीच रास्ते में सतगढ़ के निकट टैक्सी अनियंत्रित्र होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जिससे तीन की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि लिप्टन ने पिथौरागढ़ के अस्पताल में दम तोड़ दिया। यहां कोतवाली सूचना आई जिसके बाद उनके घरवालों को अवगत कराया गया। खबर मिलते ही उनके घरों में कोहराम मच गया और लोगों की भारी भीड़ लग गई। तमाम घर के लोग वहां के लिए रवाना हो गए हैं। गोबरौला में तीन सगे भाईयों एवं भूड़ा में एक की मौत से मातमी सन्नाटा पसर गया है।