मांस से भरे बैग की बरामदगी से गुस्साए लोगों के रविवार को हाइवे जाम किए जाने के मामले में पुलिस ने गन्ना समिति अध्यक्ष गोला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है।
चार अक्तूबर की दोपहर को खेत से काम करके घर जा रहे युवक ने गांव के पश्चिम बरमबाबा स्थान के पास तेज गति से बाइक पर प्रतिबंधित मांस लेकर बिक्री के लिए जा रहे युवक को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया था। धड़ल्ले से हो रही प्रतिबंधित मांस की तस्करी और पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज होकर ग्रामीणों ने कसबे का पीलीभीत बस्ती नेशनल हाइवे जाम कर दिया था। पुलिस ने बेवजह सड़क जाम करने के मामले में गोला की सहकारी गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष सुरेश वर्मा, आशीष, अखिलेश, मोनू, अरविंद और आशुतोष मिश्रा आदि छह लोगों को हिरासत में लेकर 40-50 लोगों को संगीन धाराओं में चालान भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि रोड जाम करने के मामले में शेष लोगों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट में दूसरी बाइक का जिक्र तक नहीं
संसारपुर। पुलिस ने मांस तस्कर भुड़वारा निवासी इसरार और उसके साथी गांव निवासी बाइक चालक अदनेन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। बोझिया के लोगों का आरोप है कि प्रतिबंधित मांस लेकर दो बाइकों पर चार लोग जा रहे थे। एक को युवक ने दबोच लिया था तीन तस्कर बाइक सहित फरार हो गए थे। पुलिस ने पकड़े गए तस्कर और उसके एक साथी का ही खुलासा किया है। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो तस्करों का नाम छिपाने की लीपापोती करने में जुटी हुई है। मैलानी एसओ एसएन द्विवेदी ने बताया कि प्रतिबंधित मांस लेकर एक ही बाइक पर दो सवार थे।