कई दिनों से बदमाशों की धड़पकड़ में जुटी है कोतवाली पुलिस
आज पुलिस कर सकती है खुलासा
कई दिनों से बाइक चोरों की धड़पकड़ में जुटी सदर कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर उनके पास से तीन चोरी की बाइक बरामद की हैं। कुछ और बाइकों की बरामदगी की उम्मीद को लेकर पुलिस की धड़पकड़ अभी भी जारी है। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस रविवार को बाइक चोर गैंग का खुलासा कर सकती है।
शहर में बाइक चोरी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। औसतन प्रतिदिन एक बाइक शहर से चोरी होती है। बाइक चोरियों की बढ़ रहीं वारदातों पर पुलिस कई प्रयासों के बाद भी अंकुश नहीं लगा पा रही है। सदर कोतवाली पुलिस कई दिनों से बाइक चोरों की धड़पकड़ में जुटी थी। कोतवाली के सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव घिनौना में छापा मारकर एक युवक को हिरासत में लिया था। पुलिस ने पकड़े गए युवक की निशानदेही पर थाना और कस्बा खीरी के मोहल्ला सैय्यदबाड़ा में छापा मारकर घर में खड़ी चोरी की तीन बाइक बरामद कर एक युवक को हिरासत में लिया है। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि बाइक चोर गिरोह की शिनाख्त हुई है। पुलिस अभी धड़पकड़ कर रही है। तीन बाइक कब्जे में लेकर पकड़े गए दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ और बाइकों की जांच अभी कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस रविवार को मामले का खुलासा कर सकती है।