- कोर्ट से आया नोटिस तो मचा हड़कंप
कुकरा के बाशिंदों को गांव और सड़क पर गंदगी फैलाना महंगा पड़ गया। समझाने के बाद भी गंदगी करने पर पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 290 के तहत चालान की कार्रवाई कर दी। जब कोर्ट से नोटिस पहुंचा तो लोगों को इसकी जानकारी हुई और उनमें हड़कंप मच गया।
बतादें कि ग्राम प्रधान ने गांव में गंदगी करने की शिकायत पूर्व में पुलिस से की थी। जिस पर मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज राजकिशोर यादव ने लोगों को समझाने के साथ ही स्वच्छता से होने वाले फायदे बताए। गांव में साफ-सफाई रखने की हिदायत दी। इसके बाद भी गंदगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसके बाद भी लोग नहीं माने और सड़कों पर गंदगी फेंकने लगे। इसकी शिकायत होने पर चौकी इंचार्ज ने गंदगी फैलाने वाले रफीक, मुकीन, शफीक, हनीफ, आलम फेर, रियाजुद्दीन, निजामुद्दीन समेत 20 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 290 के तहत चालान काट दिया। सीजेएम कोर्ट की तरफ से जब इन ग्रामीणों के खिलाफ नोटिस जारी हुआ तो हड़कंप मच गया। इससे घबराए अन्य ग्रामीणों सहित संबधित लोग घरों के सामने लगे कूड़े और घूरे के ढेर, बजबजाती नालियां और सड़कों पर पसरी गंदगी की साफ-सफाई में जुट गए। पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि गांव और सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।