कस्बा के नाबालिग किशोरी हत्याकांड में फरार चल रहे एक अभियुक्त को न्यायालय ने फरार घोषित कर दिया है। वहीं लूट के मामले में दो अभियुक्त फरार चल रहे हैं। चौकी प्रभारी रामसिंह पवार ने तीनों के गांव जाकर लाउडस्पीकर से मुनादी कराकर उनके घरों पर न्यायालय का आदेश चस्पा किया।
कस्बे में गत वर्ष घास काटने गई किशोरी की गला रेतकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने विवेचना में तीन दूसरे अभियुक्त नामजद किए, जिसमें दो को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर चालान भेज दिया। जबकि तीसरा अभियुक्त क्षेत्र के गांव सहदेवा निवासी लईक अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। जिसके बाद सीजेएम खीरी ने लईक को फरार घोषित कर दिया, जिसके बाद चौकी प्रभारी रामसिंह पवार ने लईक के गांव सहदेवा में लाउडस्पीकर के माध्यम से न्यायालय द्वारा फरार घोषित करने के आदेश की मुनादी कराई। इसके साथ ही आदेश को घर की दीवार में चस्पा कराया।
लूट की घटना में वांछित चल रहे हरदोई के थाना मझिला के गांव टुरमुकी निवासी रुखसार और इसी थाना क्षेत्र के गांव जमुरा निवासी ममनून उर्फ महिन्नू उर्फ गोलई को अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मदी द्वारा फरार घोषित करने को आदेश की चौकी प्रभारी रामसिंह पवार ने गांव जाकर मुनादी कराई। अभियुक्तों का पता न चलने पर न्यायालय द्वारा कुर्की का आदेश जारी किया जाएगा।