मितौली और सिंगाही क्षेत्र में चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर हजारों की नकदी समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। मितौली के पिपरझला में तो चोरों ने दुस्साहस करते हुए चौकी के पास दुकान के ताले तोड़कर माल पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस को तहरीर दी गई है।
मितौली। थाना क्षेत्र के पिपरझला पुलिस पिकेट के ठीक सामने करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित अरविंद सिंह मार्केट की चार दुकानों के शटर तोड़कर चोरों ने हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने अलोक कुमार की सरिया सीमेंट की दुकान, संदीप शुक्ला की परचून की दुकान, कौशल की मोबाइल की दुकान और प्रीतम सिंह की पेस्टीसाइड की दुकान के शटर तोड़ डाले। इसके बाद दुकानों में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। गनीमत यह रही कि चोर सामान ले जाने में कामयाब नहीं हो सके।
सिंगाही। वार्ड नंबर छह मोहल्ला भट्टी पूरब चमरौधा निवासी नजर अली कबाड़ी की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब पांच हजार की नकदी और 25 हजार का किराना सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा चोरों ने तांबे और पीतल के सिक्के भी चोरी कर लिए। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।