जिले भर में चोरों का तांडव, पुलिस ने दर्ज नहीं की किसी भी घटना की रिपोर्ट
मेला मैदान में दुकान का ताला तोड़कर हजारों की चोरी
जिले में चोरियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की रात चोर सदर कोतवाली, गोला, निघासन थाना क्षेत्र के दो घरों और दो दुकानों से लाखों रुपये का सामान बटोर ले गए। खास बात यह है कि चोरों के आगे बेबस दिख रही पुलिस ने किसी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गोला गोकर्णनाथ। कस्बा ओयल निवासी हिमांशू सिंह ईशू की मेला मैदान में बर्तन भंडार की दुकान है। दुकान मालिक ईशू ने बताया कि 23 जुलाई की शाम को वह दुकान में ताला डाल कर घर चले गए। रात में चोर खिड़की का ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए ओर गल्ले में रखे लगभग चार हजार रुपये व बर्तन समेत करीब 50 हजार का सामान चोरी कर ले गए। पड़ोसी दुकानदारों ने सुबह पांच बजे उन्हें दुकान में चोरी होने की सूचना दी। जब वह आए तो देखा कि दुकान के डाले की खिड़की टूटी थी और गल्ले की टूटी गुल्लक ईओ आवास के दूसरे गेट के पास पड़ी थी। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। पास के दुकानदारों का कहना है कि यह स्थान मेला मैदान का सबसे भीड़ भाड़ वाला स्थान है, जहां रात भर चहल-पहल बनी रहती है। इस समय सावन मेला के चलते और भी अधिक भीड़ रहती है। यहां पर चोरी की पहली वारदात है, जिससे वह लोग दहशत में हैं।
कोपा से जेवर-नकदी समेत दो लाख का माल उड़ाया
महेवागंज। पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव कोपा निवासी संजय ने बताया कि रविवार रात जब परिवारवाले सो रहे थे। इस बीच कुछ लोग घर में घुस आए। कमरे में रखे संदूक और थैलों से 20 हजार रुपये, झुमकी, पायल, कमर बिछुआ, मांग बेदी, अंगूठी और मोबाइल समेत करीब दो लाख कीमत का सामान बटोर ले गए। तड़के तीन बजे छोटा भाई सरोज लघुशंका करने उठा तो सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी लगी। गांव के ही प्रेम सिंह के घर भी चोर जा घुसे, लेकिन परिवार वालों के जाग जाने पर चोर भाग निकले। ग्रामीणों ने चोरों का पीछा कर चौकी और यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की माने तो पुलिस सूचना के करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर लौट आई।
बड़ागांव में दीवार फांदकर घर में घुसे चोर
शारदानगर। बड़ागांव निवासी राजेश वर्मा ने बताया की रविवार की रात चोर दीवार फांदकर घर में घुस आए। एक कमरे में रखा बक्सा खोलकर उसमें से जेवरात और 15 हजार की नकदी चोरी कर ले गये। घर की महिलाएं छत पर और वह घर के बाहर सो रहे थे। कमरों में ताला भी नहीं पड़ा था।
कोल्ड ड्रिंक की दुकान से नकदी चोरी
निघासन। गांव रकेहटी निवासी अभिषेक गुप्ता ने बताया कि उनकी कोल्ड ड्रिंक और ठेका देशी शराब की दुकान रकेहटी में पश्चिम तरफ है। दुकान में गोलक के पास का चैनल थोडा टूटा है। रविवार वह ठेका देशी शराब की बिक्री के 10 हजार रुपये कोल्ड ड्रिंक की दुकान में रखकर दुकान बंद कर घर चला गया। सोमवार की सुबह आकर देखा तो उसकी दुकान से रुपये गायब थे। उसने बताया कि लोहे के चैनल में सुराख होने के कारण चोरों ने पतले तार के सहारे बिना ताला लगी गोलक खोलकर उसमें रखी नकदी और कागज चुरा लिए।