पुलिस चौकी झंडी के गांव बरोठा में दो घरों से 40 हजार की नगदी संग लाखों
के सामान की चोरी हो गई। पीड़ित ने चौकी पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने
घटनास्थल का मौका मुआयना कर लिया है।
गांव बरोठा निवासी रियासत अली ने
बताया कि उसका घर बरोठा गांव के उत्तर तरफ किनारे पर है। शनिवार की शाम
रियासत अली और उसकी पत्नी सलमा दूसरी मंजिल पर सोए थे। रियासत की मां खैरून
निशां, भाई रब्बानी, बहन आमिना घर के अंदर बरामदे में सोए थे। रात करीब एक
बजे दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने बीच के कमरे की कुंडी खोलकर उसमें
रखी 15 हजार की नगदी समेत बैग, सोने का हार, बटुला, कपड़ा आदि सामान उठा
लिया। आहट सुनकर खैरुननिशां की आंख खुल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर
दिया। शोर सुनकर चोर भाग निकले। इस दौरान उन्होंने एक चोर को पहचान लिया।
घरवालों ने चोरों का पीछा किया। चोर गांव के मदीन के खेत में एक सूटकेस और
जेवर वाला खाली बैग छोड़कर भाग गए। खैरूननिशां ने बताया कि छोटे बेटे
उस्मानी की पत्नी अनीशा बानो करीब छह माह पहले मायके गई थी और घटना में
उसकी मिलीभगत होने का अंदेशा जताया है। इसके बाद चोरों ने इसी गांव के पूरब
तरफ स्थित राजमिस्त्री मजीद के घर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दीवार
फांदकर घर में रखी 25 हजार की नगदी, सोने की अंगूठी, झुमकी, साइकिल समेत
करीब एक लाख का सामान चोरी कर लिया।
रिपोर्टिंग-पुलिस चौकी इंचार्ज झंडी ने बताया कि मैंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद तहरीर ली है। मामले की जांच करने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।