शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं है। बेखौफ चोरों ने मंगलवार को दिनदहाड़े एक बंद मकान के ताले चटका दिए और 17 हजार की नकदी समेत करीब 80 हजार कीमत के जेवर, कपड़े आदि पार कर दिया। पीड़ित गृहस्वामी ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है।
मोहल्ला लक्ष्मी देवी कॉलोनी निवासी कमल मिश्रा मंगलवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे परिवार सहित अखंड रामायण पाठ में शामिल होने फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव तेतारपुर गए थे। इसके बाद चोरों ने दोपहर में मकान के ताले तोड़कर बक्से में रखी 17 हजार नकद, 80 हजार कीमत के जेवर आदि सामान पार कर दिया। चोरों ने बच्चों की गोलक को भी नहीं छोड़ा, उसमें रखे करीब दो हजार रुपये पार कर दिए। पड़ोसियों ने मकान खुला होने की जानकारी करीब तीन बजे गृहस्वामी को दी। आनन-फानन में कमल मिश्रा गांव से अपने घर पहुंचे और चोरी गए सामान का जायजा लिया। गृहस्वामी कमल मिश्रा ने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है।