मौके पर कपड़े, चप्पल पड़ीं मिलीं, तलाश जारी
शहर की आवास विकास कॉलोनी के पास स्थित एक तालाब में शुक्रवार को एक युवक ने छलांग लगा दी। यह देख वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मछुआरों की मदद से उसकी तलाश कराई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 40 साल का एक युवक सुबह करीब नौ बजे तालाब के किनारे पहुंचा और उसने अपनी पैंट और शर्ट उतार कर पेड़ की शाखा पर टांग दिए। पास में ही चप्पल रखकर तालाब में छलांग लगा दी। इससे वहां हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो लोगों ने इसकी सूचना सदर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर सदर कोतवाल नागेश कुमार मिश्रा, रोडवेज चौकी इंचार्ज रामबक्श और राजापुर चौकी इंचार्ज अरविंद राय मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मछुआरों को बुलाकर कूदे युवक की तलाश कराई, लेकिन काफी बड़ा और गहरा तालाब होने के कारण मछुआरों को सफलता नहीं मिली। इस पर पुलिस ने शारदानगर चौकी पुलिस को मामले की सूचना दी और गोताखोरों को बुलाया। शारदानगर से पहुंचे गोताखोर उसकी तलाश करने में जुटे हुए हैं, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। तालाब में कूदने वाला युवक कौन हैं और कहां रहता है, इसका अभी तक पुलिस को पता नहीं चल सका है।