धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव रसूलपुर स्थित एक मंदिर में घंटे से रस्सी के सहारे नेपाली युवक की लाश लटकती हुई मिली है, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
रसूलपुर गांव निवासी प्रधान प्रमोद कुमार के घर के बाहर शिव मंदिर है। बुधवार को जब लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। मंदिर के अंदर घंटे से रस्सी के सहारे एक युवक की लाश लटक रही थी, जिसके पैर जमीन से लगे थे। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई, जिसके बाद कोतवाल विजय प्रताप यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को उतरवाकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, तो ग्रामीणों ने रात में उसके गांव आने की बात बताई। बताते हैैं कि एक बस से वह पेशाब करने के लिए उतरा था, जिसके बाद भटक कर गांव पहुंच गया। रात को गांव के ही पैकरमा के यहां शादी समारोह में परेशान हाल नेपाली युवक पहुंचा था, जहां लोगों ने उससे पूछताछ की थी। ग्रामीणों की माने तो नेपाली युवक ने अपने दोस्त पर धोखा कर 19 हजार रुपये हड़पने की बात कही थी। इसके बाद लोगों ने उसे नहीं देखा। इसके बाद बुधवार को उसका शव संदिग्ध हालात में मंदिर के घंटे से लटकता हुआ मिला।
एसपी अरविंद सेन ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा।