सदर कोतवाली के गांव मैनहा का मामला
ससुराल पक्ष की शिकायत पर घर गई थी पुलिस
मां ने लगाया पुलिस पर डराने धमकाने का आरोप
चौकी क्षेत्र के गांव मैनहा में 22 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। विषाक्त खाने से बिगडी हालत को देखते हुए घरवाले उसे जिला अस्पताल ले गए जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे ने खाकी के डर से जान दी है। उसके पत्नी की शिकायत पर पुलिस मंगलवार को घर आई थी और बेटे को धमकाया था। डाक्टर की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
सदर कोतवाली के मैनहा गांव निवासी कल्लू के 22 वर्षीय पुत्र केशवराम की शादी फूलबेहड़ के भरचक्का गांव निवासी नारायण की पुत्री शालू से करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। बताते हैं शादी के कुछ ही दिन बाद से दोनों में विवाद शुरू हो गया। पत्नी मायके चली गई। आरोप-प्रत्यारोप के बाद लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष पर मुकदमा कर दिया जो न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस के मुताबिक तीन दिन पहले शालू ने एसपी के सामने पेश होकर आरोप लगाया कि उसके पति केशव ने गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली है। चौकी पुलिस मंगलवार शाम जांच करने के लिए गांव पहुंची। बताते हैं पुलिस की जीप देख युवक डर के मारे भाग गया। पुलिस ने अपनी भाषा में परिवार वालों को डराया-धमकाया और फिर लौट गई। बुधवार की शाम को खेत से लौटने के बाद केशवराम ने जहर खा लिया। इसके बाद जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की मां राजपती ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने बेटे को धमकाया इसलिए उसने जान दे दी। इधर, चौकी इंचार्ज इकबाल हैदर ने बताया कि युवक द्वारा दूसरी शादी किए जाने की शिकायत की जांच करने मंगलवार को पुलिस घर गई थी। घर पर कोई नहीं मिला। जांच में शादी की बात भी अफवाह निकली थी। इसके बाद बुधवार की शाम युवक की मौत की बात पता लगी।
मृतक की मां का आरोप निराधार है। एसपी के निर्देश पर चौकी पुलिस ससुराल पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच करने गई थी। परिवार वालों से कोई अभद्रता नहीं की गई और न ही किसी को डराया-धमकाया गया। आत्महत्या करने के कारणों की जांच कराई जाएगी।
- संत प्रसाद उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक, सदर कोतवाली