सदर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के बाहर घूमती मिलीं दो किशारियों को कोतवाली पुलिस ने चाइल्ड लाइन की सुपुर्दगी में दिया है। चाइल्ड लाइन ने दोनों किशोरियों को मानषी स्वाधार गृह में भेजा हैै।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक शनिवार की रात एक बजे दो किशोरियां रेलवे स्टेशन के बाहर घूम रहीं थीं, जिन्हें पूछताछ के लिए महिला पुलिस अपने साथ ले गई। किशोरियों ने बताया है कि वे लखनऊ से यहां लखीमपुर में रहने वाले एक व्यक्ति से मिलने आई थीं। लखीमपुर रेलवे स्टेेशन पहुंचने पर उक्त व्यक्ति का मोबाइल स्विच ऑफ मिला, जिससे दोनों किशोरियां कुछ देर तक रेलवे स्टेशन पर घूमती रहीं। जीआरपी ने पूछताछ के बाद दोनों किशोरियों को कहीं और जाने के लिए कह दिया, जिसके बाद किशोरियां स्टेशन से बाहर आ गईं। किशोरियों का कहना है कि वे लखनऊ की रहने वालीं हैं।
--
मोबाइल से नहीं मिली डिटेल
दोनों किशोरियां ने अलग-अलग बयान दिए हैं, जिससे चाइल्ड लाइन और पुलिस भी स्पष्ट तौर पर जानकारी नहीं जुटा पाई है। एक किशोरी के पास से मोबाइल मिला है, लेकिन उसमें नंबर औैर मैसेज डिलीट होने से महत्वपूर्ण जानकारियां नहीं मिल पाई हैं। खास बात यह है कि किशोरियों ने अपनी मां को जानकारी होने की बात कही है, लेकिन बताए गए नंबरों पर किशोरियों के घरवालों से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी बीके सिंह के अनुसार दोनों किशोरियों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा, जिसके बाद उनके माता-पिता से संपर्क किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।