भीरा कस्बे में मंगलवार की देर शाम दो पक्षों मेें जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें चार लोग घायल हो गए। रात को ही एक पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंचा। आरोप है कि पुलिस ने मौके पर जाना तक जरूरी नहीं समझा। दूसरे दिन दोनों पक्षो की ओर से एनसीआर दर्ज की गई।
भीरा निवासी फुद्दा खां, उनके पुत्र कय्यूम खां, महबूब खां का पड़ोसी कलीम, अनिल, शौकीन और हसीन से विवाद हो गया। कय्यूम के मुताबिक मंगलवार रात करीब आठ बजे शौकीन, उनके पिता फुद्दा खां की परचून के दुकान पर आकर दुकान बंद करने को कहकर विवाद करने लगा। इस बीच कय्यूम और महबूब भी आ गए। उन्होंने विवाद को जानना चाहा, जिस पर उनकी पिटाई कर दी गई। आरोप है कि इस बीच बचाने पहुंचीं घर की महिलाओं को भी पीटा गया। फुद्दा के मुताबिक उनकी पुश्तैनी जमीन कलीम के घर के पास में है, जिस पर उनके छप्पर भी पड़े हैं, यह लोग उसकी जमीन को लेने के लिए दबाव डाल रहे हैं। मंगलवार को भी विवाद इसलिए हुआ कि वे लोग घर छोड़कर चले जाएं। करीब आधा घंटे से ज्यादा देर तक दोनो पक्षों में विवाद और उसके बाद मारपीट होती रही, लेकिन पुलिस कस्बे में होने के बावजूद नहीं पहुंची। कय्यूम के मुताबिक वे लोग रात को ही थाने गए थे, पुलिस ने महज प्रार्थनापत्र ले लिया। सुबह पुलिस ने दोनों पक्षो की ओर से एनसीआर दर्ज कर चार लोगों का मेडिकल कराया।