गोला तहसील क्षेत्र के बशीरगंज गांव में आग लगने से दो घर जलकर राख हो गए। आग से आठ मुर्गियां, 52 हजार की नकदी सहित घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
गांव बशीरगंज में एजाज खां के घर के बाहर पड़े छप्पर में मवेशियों को मच्छरों से बचाने के लिए सुलगाए गए धुएं की चिंगारी से भड़की आग से मंगलवार रात एक बजे अचानक आग लग गई। उस समय घर के सभी लोग सो रहे थे, जिससे आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते उसने इलियास खां के घर को भी चपेट में ले लिया। लोगों को घर का कोई भी सामान निकालने का मौका नहीं मिला। इस अग्निकांड में एजाज खां के 22हजार रुपये भी जल गए। इलियास खां ने बताया कि 30 हजार रुपये भैंस लाने के लिए रखे थे। जो जल गए। आग से कपड़ा, बर्तन, अनाज, भूसा आदि जलकर राख हो गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड वाहन दो घंटे के बाद पहुंचा तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था।
सुबह होने पर पहुंचे लेखपाल कैलाश यादव ने स्थलीय निरीक्षण कर आग से हुए नुकसान की सूची तैयार की। ग्राम प्रधान विजयपाल भारती ने बताया कि पीड़ित परिवारों के लिए अगले चार दिनों तक भोजन की व्यवस्था कराई जाएगी।