रोडवेज की बस से चोरी हुआ संविदा परिचालक का बैग
लखीमपुर डिपो के एक संविदा परिचालक का टिकटों से भरा बैग उसी की बस से ड्यूटी के दौरान चोरी हो गया। इस पर परिवहन निगम ने संविदा परिचालक पर 81237 रुपये का जुर्माना लगाया है और एआरएम लखीमपुर को परिचालक से प्रति माह दो हजार रुपये वसूल करने के निर्देश दिए हैं।
लखीमपुर डिपो के एआरएम वीके गोस्वामी ने बताया कि लखीमपुर से धौरहरा होकर लखनऊ जाने वाली अनुबंधित बस संख्या यूपी 31 टी 4045 के संविदा परिचालक सुनील कुमार प्रथम ने टिकटों से भरा बैग कैसरबाग में खो जाने की बात बताई थी। जिसकी जानकारी हरदोई क्षेत्र के आरएम को दी गई थी। परिचालक के बैग में टिकट, मार्ग पत्र और एब्स ट्रैक्टर फार्म था। इस पर आला अधिकारियों ने संविदा परिचालक सुनील कुमार प्रथम पर 81237 रुपये का जुर्माना लगाया है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के निर्देशानुसार इस परिचालक से दो हजार रुपये प्रतिमाह की रिकवरी की जाएगी।