मैलानी रेंज के जंगल से निकले एक बाघ ने सुंदरनगर टांगिया गांव के पास एक गन्ने के खेत में सुअर का शिकार कर लिया। बाघ की गन्ने के खेत में मौजूदगी को देखकर ग्रामीणों ने उसे घेर कर वन विभाग को सूचना की। मौके पर मैलानी और भीरा रेंज के स्टॉफ के पहुंचने पर बाघ की मानीटिरिंग की गई।
भीरा कस्बे से करीब दो किमी दक्षिण में बसे मजरा सुंदरनगर टांगिया गांव के पास एक गन्ने के खेत में बाघ ने एक जंगली सुअर का शिकार कर लिया। बाघ के सुअर के शिकार करने को कई ग्रामीणों ने देखा। बाघ शिकार करने के बाद एक गन्ने के खेत में बैठ गया। ग्रामीणों ने बाघ की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर भीरा रेंज से वन दरोगा एसएस चौहान, नरेंद्र वर्मा और मैलानी रेंज से कई फारेस्ट गार्ड और वॉचर मौके पर पहुंच गए। इस बीच सैकड़ों ग्रामीणों ने गन्ने के खेत को घेर लिया। वन विभाग के कर्मचारियों के दखल के बाद बाघ शाम को जंगल की ओर चला गया।