- शौच गई दलित विवाहिता से दुराचार के प्रयास का मामला
- पुलिस ने दबिश दी तो आरोपी फरार, बाद में धमकी देने पहुंचा
शनिवार को शौच के लिए गई 20 वर्षीय दलित नवविवाहिता को पड़ोस का युवक गन्ने के खेत में खींच ले गया था और उसके साथ दुराचार की कोशिश की थी। शोर शराबा होने पर आसपास के खेतों पर मौजूद लोगों ने पहुंचकर विवाहिता को बचाया। तब तक आरोपी भाग निकला। पीड़िता ने रविवार को पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर पर पुलिस आरोपी के घर पहुंची। जहां से आरोपी फरार हो गया। पुलिस लौट गई तो आरोपी विवाहिता के घर जा धमका और गालीगलौज कर उसके पिता को जान से मार देने की धमकी दी।
कोतवाली क्षेत्र की युवती की साल भर पहले शादी हुई है। वह अपने मायके में रह रही है। विवाहिता ने युवक पर गन्ने के खेत में खींचकर दुराचार की कोशिश का आरोप लगाया था। पीड़िता ने घर पहुंचकर जानकारी मां को दी। जिसपर पिता ने विवाहिता के साथ रविवार को कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस सोमवार को जब आरोपी के घर पहुंची तो आरोपी मौके से फरार हो गया। जिस पर पुलिस खाली हाथ वापस लौट आई। पुलिस के जाने के बाद सोमवार की सायं आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मार देने की धमकी उसके पिता को दी। जिससे परिवार के लोग दहशत में आ गए। मंगलवार को पीड़िता अपने पिता के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को घटना बताई, लेकिन पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।