तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस ने दर्ज नहीं की रिपोर्ट
गांव सदरपुर में मेन गेट खोलकर शिक्षक संत कुमार के घर में घुसे चोर अलमारी का ताला तोड़कर 25 हजार की नकदी समेत करीब एक लाख के जेवर चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
गांव सदरपुर निवासी शिक्षक संत कुमार ने बताया कि वह सोमवार की रात छत पर परिवार समेत सो रहे थे। रात करीब दो बजे चोर उनका मेन गेट खोलकर घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी तोड़ दी। चोर अलमारी में रखे 25 हजार रुपये, कुंडल, मांगबेदी, झाला समेत करीब एक लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि रात में खटपट होने की आहट मिलने पर जब तक वह नीचे उतरकर जाते। इससे पहले ही चोर भाग निकले। वह जब कमरों में पहुंचे तो वहां बिखरा सामान देखकर दंग रह गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार वालों और आसपास के लोगों से घटना के बावत जानकारी ली। पीड़ित शिक्षक ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।