रामगुनी हत्याकांड : आरोपियों की निशानदेही पर आला कत्ल किया बरामद
गांव शिवलालपुरवा में दिनदहाड़े बेरहमी से खांदकर की गई रामगुनी की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आलाकत्ल भी बरामद करने का दावा किया है।
गांव शिवलालपुरवा निवासी रामगुनी 16 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे अपनी बेटी प्रीति के साथ घर के अंदर बैठी थी। आरोप है कि रामगुनी के भतीजे धर्मेंद्र और रामदुलारे बांका, तलवार आदि लेकर आए और रामगुनी पर ताबड़तोड़ प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। प्रीति ने जब अपनी मां को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे भी घायल कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे दुबहा जाने वाले मार्ग से दबोच लिया और उनकी निशानदेही पर बांका, तलवार, गमछा, जॉकेट और एक फरसा गांव के ही केदारी के खेत से पुलिस ने बरामद कर लिया। धर्मेंद्र अपने पिता बनवारी की मौत का जिम्मेदार रामगुनी को मानता था, जिसके प्रतिशोध में उसने रामदुलारे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।